मछली पालन के लिए किसानों को मिल रहा 3 लाख लोन और फ्री ट्रेनिंग, ऐसे करें आवेदन….
कई किसान खेती के साथ मछली पालन करके अपनी आय बढ़ा रहे हैं। मछली पालन से किसानों की आय में बढ़ोतरी हो रही है। मछली पालन करने वाले कई प्रगतिशील किसानों को देखकर अन्य किसान भी मछली पालन करना तो चाहते हैं लेकिन उनको मछली पालन प्रशिक्षण और सरकार से मिलने वाले लोन की कोई जानकारी नहीं होती है। ऐसे में वह किसान चाहकर भी मछली पालन का काम नहीं कर पाते हैं। मछली पालन करने वाले किसानों को मछली पालन पर सरकार की ओर से चलाई जा रही योजना की जानकारी होना भी बेहद जरूरी है ताकि वह इस योजना का लाभ उठाकर आसानी से मछली पालन व्यवसाय को कर सके। यहां आपको बता दें कि मछली पालकों के लिए केंद्र सरकार की ओर प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना चलाई जा रही है। इस योजना का संचालन मत्स्य विभाग, मत्स्य पालन विभाग तथा पशुपालन और डेयरी मंत्रालय भारत सरकार द्वारा किया जा रहा है।
इस योजना के तहत जलीय कृषि एवं मत्स्य पालकों को बढ़ावा देने के लिए सरकार की ओर से मत्स्य पालन क्षेत्र में कार्य कर रहे लोगों को तीन लाख रुपए तक ऋण प्रदान किया जाता है। इसके अलावा इस योजना के तहत मछली पालन का काम करने के इच्छुक किसान को प्रशिक्षण भी प्रदान किया जाता है। ऐसे में जो किसान खेती के साथ ही अपने खेत में बने तालाब में मछली पालन करने की सोच रहे हैं तो वे इस योजना के तहत आवेदन करके इसका लाभ उठा सकते हैं।
पीएम मत्स्य संपदा योजना के तहत किसान सहित अन्य संस्थाएं भी इस योजना का लाभ उठा सकती है। इसके तहत मछली किसान, मछुआरे, मत्स्य विकास निगम, मछली श्रमिक और मछली विक्रेता, संयुक्त देता समूह, मछली पालन क्षेत्र, स्वयं सहायता समूह, मत्स्य पालन संघ, उद्यमी और निजी फार्म, मत्स्य सहकारी समितियां, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, महिला एवं विकलांग व्यक्ति, मछली किसान उत्पादक संगठन एवं कंपनियां इस योजना का लाभ उठा सकती हैं।
जो किसान पशुपालन या मछलीपालन के लिए लोन लेना चाहते हैं उन्हें भी सरकार की ओर से किसान क्रेडिट कार्ड की सुविधा दी जाती है। इसमें बहुत ही कम ब्याज दर तीन लाख रुपए तक का लोन प्रदान किया जाता है। जो मछली पालक किसान केसीसी से सस्ता लोन प्राप्त करना चाहते हैं उन्हें सबसे पहले किसान क्रेडिट कार्ड बनवाना होगा। आप अपने क्षेत्र के किसी भी सरकारी बैंक में जाकर केसीसी के लिए अप्लाई कर सकते हैं। रिजर्व बैंक के निर्देशानुसार बैंक द्वारा आपको 15 दिन के भीतर केसीसी जारी कर दिया जाएगा।
केसीसी से किसानों को 4 प्रतिशत की दर से तीन लाख रुपए तक का लोन मिल जाता है। यदि किसान समय पर लोन चुका देता है तो उसे ब्याज में छूट का लाभ प्रदान किया जाता है। हालांकि प्रथम बार में किसान को 50,000 या 1,00,000 रुपए का ही लोन केसीसी से मिलता है। यदि वह लोन समय पर चुका देता है तो उसे इससे अधिक का लोन भी मिल जाता है। केसीसी पर किसान अधिकतम 3 लाख रुपए तक का लोन प्राप्त कर सकता है।
पीएम मत्स्य संपदा योजना के तहत आवेदन करते समय किसानों को कुछ दस्तावेजों की आवश्यकता होगी। योजना में आवेदन हेतु किसानों को जिन दस्तावेजों की आवश्यकता होगी उनमें आधार कार्ड, निवास प्रमाण-पत्र, पैनकार्ड, जाति प्रमाण-पत्र, मोबाइल नंबर, बैंक खाता विवरण आदि दस्तावेजों की आवश्यकता होगी।
प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना में आवेदन के लिए आप इस योजना की ऑफिशियल वेबसाइट https://pmmsy.dof.gov.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा योजना की अधिक जानकारी के लिए आप अपने क्षेत्र के जिला पशुपालन एवं मत्स्य विभाग से संपर्क कर सकते हैं।

